स्वाभिमान अब बहुत घना है.....
स्वाभिमान अब बहुत घना है।
भारत उन्नत देश बना है।।
सद्भावों के पंख उगाकर।
बना बसेरा बड़ा तना है।।
सदियों पीड़ा सही गुलामी।
शोषण से हर हाथ सना है।।
आक्रांताओं ने सुख लूटा।
यह इतिहासों का कहना है।।
झूठ-फरेबी बहसें चलतीं।
कहना-सुनना नहीं मना है।।
रहें सुर्खियों में हम ही हम।
समाचार-शीर्षक बनना है।।
मानवता से बड़ा न कुछ भी।
सही मार्ग पर ही चलना है।।
मनोज कुमार शुक्ल ‘मनोज’